ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में सुबह-सुबह फुटबॉल चौक पर एक बस ने 3 गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद चौक पर कार चालकों ने बस ड्राइवर को पकड़ लिया और जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान चौक पर काफी ज्यादा जाम लग गया और लोग आधे घंटे से ज्यादा समय तक फंसे रहे।
बस ने रेड लाइट पर खड़ी गाड़ियों को मारी टक्कर
मामले की जानकारी देते हुए कार चालक ने कहा कि वह बेटे को स्कूल छोड़कर वापिस घर जा रहा था। इस दौरान वह फुटबॉल चौक की रेड लाइट पर खड़ा था। इस दौरान बस चालक ने पीछे से गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बस ने स्विफ्ट गाड़ी और ब्रेजा कार को टक्कर मार दी। घटना के दौरान बस चालक को काबू कर लिया गया।
ड्राइवर ने कहा ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ
हादसे के बाद को लेकर बस ड्राइवर का कहना है कि ब्रेक फेल होने के कारण गाड़ियों से टक्कर हो गई। पर लोगों का कहना है कि बस की कोई ब्रेक फेल नहीं हुई है, बल्कि बस ड्राइवर को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ है। लोगों का आरोप है कि लाइसेंस भी चालक का नहीं है।
ड्राइवर पर तेजी से बस चलाने के आरोप, पुलिस के लेट आने से गुस्सा
वहीं अन्य कार चालक का कहना है कि ड्राइवर बस को काफी तेजी से चला रहा था। बस की ब्रेक फेल नहीं हुई है। इसी बात को लेकर बीच चौक पर जमकर हंगामा हुआ। ऐसे में बस ड्राइवर से परमिट और लाइसेंस के बारे में पूछा गया तो उसके पास घटनास्थल पर कुछ मौजूद नहीं था। इस दौरान जब बस चालक ने फोन पर फोटो दिखाई तो लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी गई, पर आधे घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी कोई पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।








