पंजाब में अमूल और मदर डेयरी के बाद अब वेरका ने भी बढ़ाए दूध के रेट, आम लोगों की जेब पर बढ़ेगा बोझ!

After Amul and Mother Dairy, Verka has now also raised milk prices in Punjab.

पंजाब के लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। वेरका ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दूध के नए रेट आज से लागू हो गए हैं। लुधियाना डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड के आदेश के मुताबिक, वेरका के फुल क्रीम, स्टैंडर्ड, डबल टोंड और गाय के दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है।

इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से दूध के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए थे। अब वेरका ने भी कीमतें बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है।

दुकानदारों को नई रेट लिस्ट लगाने के निर्देश

वेरका प्रबंधन के मुताबिक, फिलहाल पुरानी पैकेजिंग का स्टॉक मौजूद है। ऐसे में जब तक पुरानी पैकेजिंग खत्म नहीं होती, दूध के पैकेट पर पुराने रेट ही छपे हुए मिल सकते हैं। हालांकि, ग्राहकों को भुगतान नई रेट लिस्ट के हिसाब से करना होगा। इसके लिए सभी डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटरों को दुकानों पर नई रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्दियों में दूध की मांग बढ़ने से बढ़े दाम

बताया जा रहा है कि सर्दियों के मौसम में पशुओं के दूध देने की क्षमता कम हो जाती है। इससे दूध का उत्पादन घटता है, जबकि मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए वेरका की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।

पहले भी बढ़ाए गए थे दूध के दाम

गौरतलब है कि वेरका ने इससे पहले 14 मई को भी दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की थी। उस समय पशुपालकों से खरीदे जाने वाले दूध के रेट में भी 20 रुपये प्रति किलोग्राम फैट का इजाफा किया गया था।

वहीं, नई बढ़ोतरी के बाद वेरका के दूध की कीमतों में औसतन करीब 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है, जबकि अमूल ने औसतन करीब 2.75 रुपये प्रति लीटर दाम बढ़ाए हैं। यानी औसत बढ़ोतरी के मामले में वेरका के दाम अमूल से 25 पैसे प्रति लीटर ज्यादा बढ़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *