ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के पॉश इलाके साउथ सिटी में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक BMW कार के अंदर 30 वर्षीय कारोबारी का खून से लथपथ शव मिला। युवक के माथे पर गोली लगी थी, जो सिर को आर-पार कर गई थी। मृतक की पहचान पुलकित के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
गश्त कर रही PCR टीम ने कार में देखा शव
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब इलाके में नियमित गश्त कर रही PCR टीम को एक BMW कार में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो कार के अंदर पुलकित खून से लथपथ हालत में मृत मिला। इसके बाद पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
लाइसेंसी हथियार से चली गोली
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोली .45 बोर के लाइसेंसी हथियार से चली थी। गोली पुलकित के माथे पर लगी और सिर को पार कर गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक का मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिया है। मोबाइल की जांच और कॉल डिटेल के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मौत से पहले पुलकित ने किन लोगों से बातचीत की थी।
परिवार बोला- किसी से नहीं थी दुश्मनी
पुलिस के मुताबिक, परिवार ने पूछताछ के दौरान बताया है कि पुलकित की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। उसने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में परिजन भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए हैं। पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन की जांच, कॉल डिटेल और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है।









