ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के गोराया में नेशनल हाईवे पर एक टैक्सी-थ्री-व्हीलर से टकरा गई। इस हादसे में 4 लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक टैक्सी पटियाला से ब्यास जा रही थी, इसी दौरान हाईवे पर खड़े थ्री-व्हीलर से टकरा गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को दोबारा से शुरू करवाया।
कार की टक्कर से बचाने के लिए हुआ हादसा
घटना की जानकारी देते हुए टैक्सी ड्राइवर रणजीत सिंह ने बताया कि वह 4 सवारियों को लेकर पटियाला से ब्यास जा रहे थे। इसी दौरान गोराया के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसकी टैक्सी को साइड मार दी। जिस कारण सवारियों को बचाने के कारण गाड़ी मोड़ दी और वह आगे खड़े थ्री-व्हीलर में टकरा गई। हादसे में सवारियां घायल हो गई हैं, पर गनीमत रही किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ।
लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को संभाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना मिलते ही गोराया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया और ट्रैफिक को दोबारा शुरू कराया। पुलिस फिलहाल मामले की कानूनी कार्रवाई कर रही है।









