दिवित औलख की अंतिम अरदास में उमड़ा पंजाबी इंडस्ट्री का हुजूम, मनकीरत औलख से BN शर्मा तक हर कोई हुआ भावुक

स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख की अंतिम अरदास आज बाथ कैसल में आयोजित की गई। इस दुखद मौके पर पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचीं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख की अंतिम अरदास आज बाथ कैसल में आयोजित की गई। इस दुखद मौके पर पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचीं। दिवित को अंतिम विदाई देने और परिवार को सांत्वना देने के लिए गायकों, अभिनेताओं, फिल्मी कलाकारों और राजनीतिक हस्तियों का जमावड़ा लगा रहा। हर किसी की आंखों में दिवित को खोने का गम और परिवार के लिए संवेदनाएं नजर आईं।

बीएन शर्मा बोले- ऐसे हादसों में माता-पिता जीते जी मर जाते हैं
पंजाबी फिल्म अभिनेता बीएन शर्मा ने मीडिया से बातचीत में इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे मुश्किल समय में परिवार को केवल हौसला ही दिया जा सकता है। इससे पहले गायक राजवीर जवंदा की मौत ने भी सभी को झकझोर दिया था। उन्होंने कहा कि हादसों के बाद भले ही परिवारों को मुआवजा मिल जाए, लेकिन किसी अपने को खोने का दर्द कभी कम नहीं हो सकता।

बीएन शर्मा ने सरकार से सड़क हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने और सख्त कानून बनाने की अपील की। उन्होंने युवाओं से हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे हादसों में माता-पिता जीते जी मर जाते हैं। युवाओं को अपनी जिंदगी की कीमत समझनी चाहिए।

सरबजीत चीमा बोले- जिंदगीभर परिवार के साथ रहेगा यह दुख
गायक सरबजीत चीमा ने दिवित के निधन को बेहद पीड़ादायक घटना बताया। उन्होंने कहा कि इस दुख को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। परिवार को अपनी पूरी जिंदगी इस कमी के साथ गुजारनी पड़ेगी। दिवित एक बेहद होनहार बच्चा था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि शायद वह इस दुनिया में इतनी ही सांसें लेकर आया था।

मनकीरत औलख ने बताया- दिवित को था गायकी का शौक
गायक मनकीरत औलख ने कहा कि दिवित का जाना परिवार के लिए ऐसा नुकसान है, जिसकी कभी भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि दिवित की पवित्र आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। उनकी दिनेश औलख से बातचीत हुई थी। इस दौरान पता चला कि दिनेश का बड़ा बेटा कनाडा के टोरंटो में रहता है और अपनी पढ़ाई में व्यस्त है। वहीं, छोटे बेटे दिवित को गायकी का बेहद शौक था। उसने अपनी कंपनी के जरिए दो लड़कों को साइन भी किया था।

उन्होंने बताया कि स्पीड रिकॉर्ड्स से दिवित ने अपने काम की शुरुआत की थी। इस म्यूजिक कंपनी के साथ पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई बड़े कलाकार काम कर चुके हैं। मनकीरत ने दुख जताते हुए कहा कि पता नहीं किसकी नजर लग गई कि दिवित इतनी कम उम्र में दुनिया छोड़कर चला गया।

हैप्पी रॉयकोटी बोले- दिनेश औलख को टूटते देखना बेहद मुश्किल
गायक हैप्पी रॉयकोटी ने कहा कि इस दुखद घटना पर उनके पास कहने के लिए कोई शब्द नहीं हैं। उनकी दिनेश औलख से अक्सर बातचीत होती रहती थी, लेकिन आज उन्हें इस हालत में देखकर समझ नहीं आ रहा कि किस तरह सांत्वना दें। उन्होंने कहा कि दिनेश भाई को इस तरह टूटते देखना और उनका सामना करना भी बेहद मुश्किल लग रहा है।

पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी हस्तियां पहुंचीं
दिवित औलख की अंतिम अरदास में पंजाबी मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। परिवार के साथ दुख साझा करने के लिए गायक प्रीत हरपाल, मनकीरत औलख, निंजा, रोशन प्रिंस, इंद्रजीत निक्कू, केएस मक्खन, जैजी बी, आर नेत, हैप्पी रॉयकोटी, सरबजीत चीमा, राज जुझार, गुरलेज अख्तर, देबी मखसूसपुरी, सुदेश कुमारी और अमरिंदर गिल पहुंचे।

इसके अलावा अभिनेता बीएन शर्मा, गुरप्रीत घुग्गी, हार्बी संघा, शविंदर माहल, देव खरोद, राणा रणबीर, जगजीत संधू, करमजीत अनमोल और माही शर्मा ने भी परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस मौके पर मोहम्मद सदीक, परवेज आलम, सचिन अहुजा, सरदूल सिकंदर की पत्नी अमन नूरी, अनमोल गगन मान, कुलदीप मानक के बेटे और हरियाणा के नेता दिग्विजय चौटाला समेत कई अन्य हस्तियां भी मौजूद रहीं। अंतिम अरदास में उमड़ी कलाकारों की भीड़ ने दिवित के निधन से पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में छाए शोक को बयां किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *