ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार जारी है। मोगा से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी के बाद अब ED की टीम ने फिरोजपुर जिले के जीरा में एक सस्पेंडेड पटवारी के घर दबिश दी है। यह पटवारी पहले मोगा जिले में तैनात रह चुका है और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार भी हुआ था। ED की इस कार्रवाई के बाद पटवारी का AAP विधायक से क्या संबंध है, इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, दोनों के बीच किसी कनेक्शन की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पटवारी के घर के बाहर CRPF तैनात, आवाजाही पर रोक
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने जीरा स्थित सस्पेंडेड पटवारी नवदीप सिंह के घर पर छापेमारी की है। सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान तैनात किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। फिलहाल ED की टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
AAP विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के 7 ठिकानों पर भी जारी है रेड
इससे पहले बुधवार सुबह करीब 6 बजे ED ने मोगा की AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा से जुड़े सात ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन ठिकानों पर जांच जारी है। ED सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई नेशनल हाईवे नंबर 754A के निर्माण के लिए अधिगृहित सरकारी जमीन के कथित फर्जी इंतकाल और मुआवजा घोटाले से जुड़े मामले में की जा रही है।
मोगा के धर्मकोट में तैनात रह चुका है पटवारी नवदीप सिंह
ED की कार्रवाई का सामना कर रहा पटवारी नवदीप सिंह पहले मोगा जिले के धर्मकोट में तैनात था। उसके खिलाफ 16 जून 2024 को धर्मकोट थाने में धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में उसे गिरफ्तार भी किया गया था। जानकारी के अनुसार, वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था।









