जालंधर गोलियों की गूंज से दहला : घर के बाहर XUV पर फायरिंग, छत पर खड़े युवक पर भी चलाई गोली

जालंधर में अपराधियों के हौंसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। नागरा के नजदीक गुरु नानक नगर में देर रात दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच युवकों ने एक घर के बाहर खड़ी XUV कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में अपराधियों के हौंसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। नागरा के नजदीक गुरु नानक नगर में देर रात दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच युवकों ने एक घर के बाहर खड़ी XUV कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने कुल 6 राउंड गोलियां चलाईं। इतना ही नहीं, घर की छत पर मौजूद युवक पर भी गोली चला दी। हालांकि, युवक बाल-बाल बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

पहले ट्रैक्टर लेकर पहुंचे युवक, कार हटाने को लेकर हुई बात
गुरु नानक नगर निवासी पीड़ित साहिल ने बताया कि रात करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवक ट्रैक्टर लेकर उसकी गली में पहुंचे और घर के बाहर खड़ी कार को हटाने के लिए कहने लगे। साहिल ने उन्हें बताया कि उसके पिता घर पर नहीं हैं और उनके वापस आने के बाद ही गाड़ी हटाई जा सकती है। इसके बाद युवक वहां से चले गए।

दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर लौटे पांच हमलावर
साहिल के मुताबिक, कुछ समय बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच युवक उसके घर के बाहर पहुंचे। उस समय वह घर की छत पर टहल रहा था। अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनकर उसने नीचे गली में देखा तो हमलावर उसकी कार पर फायरिंग कर रहे थे। आरोपियों ने एक के बाद एक 6 राउंड गोलियां चलाईं।

छत पर खड़े साहिल को भी बनाया निशाना
पीड़ित ने बताया कि उसने छत से ही हमलावरों को रोकने की कोशिश की और उन्हें ललकारा। इस दौरान गाली-गलौज भी हुई। इससे गुस्साए आरोपियों ने उसकी तरफ भी गोली चला दी, लेकिन किस्मत से गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद पांचों आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए।

साहिल ने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों में से किसी को नहीं जानता और न ही उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी है। उसे समझ नहीं आ रहा कि आरोपियों ने उसके घर और गाड़ी को निशाना क्यों बनाया। पीड़ित ने मामले की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज करवा दी है।

पुलिस को मौके से मिले 6 कारतूस, CCTV फुटेज खंगाली
फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से छह कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है। शुरुआती जांच में पांच संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों पर घटनास्थल की तरफ आते और वारदात के बाद फरार होते दिखाई दिए हैं।

ACP नॉर्थ बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी
मौके पर पहुंचे ACP नॉर्थ करनैल सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से नागरा के नजदीक गुरु नानक नगर में फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना नंबर-1 की पुलिस टीम के साथ उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। मौके से छह कारतूस बरामद हुए हैं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *