राजस्थान में मौत बनकर दौड़ा करंट, सड़क बना रहे 8 मजदूरों ने तोड़ा दम

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी के छापोली गांव में सड़क निर्माण का काम कर रहे मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी के छापोली गांव में सड़क निर्माण का काम कर रहे मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए उदयपुरवाटी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती करवाया गया है। हादसा सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

कंक्रीट मिक्सर मशीन के हाइड्रोलिक जैक से टकराया बिजली का तार
उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के मुताबिक, मजदूर सड़क निर्माण के लिए रोड़ी-बजरी मिलाने वाली मशीन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का तार मशीन से छूते ही उसमें करंट दौड़ गया। इस दौरान आसपास काम कर रहे मजदूर भी हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 5 लोग झुलस गए।

हादसे में इन 8 मजदूरों की गई जान
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान हो गई है। मृतकों में हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30), मंगलचंद गुर्जर (22), कालूराम गुर्जर (29) और पवन गुर्जर (23) शामिल हैं। इसके अलावा छापोली गांव के विष्णु सैनी (38), सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), मुकेश सैनी (27) और फतेहचंद सैनी (32) की भी मौत हो गई।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने शुरू किया धरना
हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया। वहीं, पांच घायलों का उदयपुरवाटी CHC में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *