पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के आज (30 अक्टूबर) दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है। उनके गानों में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों के महिमामंडन का आरोप लगाते हुए दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (DCPCR) ने संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में दिल्ली पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी कर शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
14 अक्टूबर को दर्ज कराई गई थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनावर ने 14 अक्टूबर 2026 को आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दिलजीत के कुछ गानों में शराब, ड्रग्स और हथियारों को बढ़ावा देने वाली बातें हैं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि इसका बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
कॉन्सर्ट में ऐसे गाने न गाने की मांग
शिकायतकर्ता ने 30 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट के दौरान ऐसे गानों को गाने पर रोक लगाने की मांग की थी। साथ ही आयोग से इस संबंध में एडवाइजरी या नोटिस जारी करने का अनुरोध भी किया गया था।
दिल्ली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
शिकायत पर विचार करने के बाद आयोग के अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश व्यास और सदस्यों राहुल गौतम व स्वाति गुप्ता की पीठ ने शिकायत की कॉपी दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भेज दी। आयोग ने कहा कि बाल अधिकार संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और उनके हितों से जुड़े मामलों पर कार्रवाई करना उसके अधिकार क्षेत्र में आता है।
वहीं, दिलजीत दोसांझ का दिसंबर में मोहाली में भी शो होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, आयोजन स्थल को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। यह कार्यक्रम मुल्लांपुर के PCA स्टेडियम या चंडीगढ़ में आयोजित किया जा सकता है।









