ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में पटाखा मार्केट लगाने को लेकर ग्राम पंचायत राओवाली और मार्केट के सदस्यों के बीच चल रहा विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। सरपंच जसबीर सिंह राणा और पटाखा मार्केट के सदस्यों के बीच हुई बैठक में आपसी सहमति बन गई है। इसके बाद अब भोगपुर रोड पर पठानकोट चौक के पास गांव राओवाली में ही पटाखा मार्केट लगाने का रास्ता साफ हो गया है।
पंचायत और मार्केट के सदस्यों के बीच बनी सहमति
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत राओवाली ने पटाखा मार्केट लगाने के लिए पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। वहीं, मार्केट के सदस्यों ने भी आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव उचित प्रबंध किए जाएंगे, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। इस विवाद को सुलझाने में जितेंद्र सिंह दुप्पर की भी भूमिका रही। बैठक में पटाखा मार्केट के पदाधिकारी विकास भंडारी, धीरज कुमार, रवि महाजन और संजीव बाहरी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद मामले का समाधान हो गया।
पटाखा मार्केट पर लगा स्टे भी वापस
विवाद सुलझने के साथ ही पटाखा मार्केट पर लगाया गया स्टे भी वापस ले लिया गया है। अब मार्केट गांव राओवाली, भोगपुर रोड पर पठानकोट चौक के पास ही लगाई जाएगी। इससे पटाखा मार्केट के आयोजन को लेकर बनी असमंजस की स्थिति दूर हो गई है।
लाइसेंस के लिए ड्रॉ की तारीख पर टिकी नजरें
गौरतलब है कि पंचायत और पटाखा मार्केट के बीच विवाद के चलते अस्थायी लाइसेंस जारी करने के लिए ड्रॉ की प्रक्रिया टाल दी गई थी। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अमनिंदर कौर ने पहले जानकारी दी थी कि पटाखा मार्केट के अस्थायी लाइसेंस के लिए ड्रॉ 29 अक्टूबर 2026 को होना निर्धारित था। हालांकि, प्रशासनिक कारणों से इसे अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया था।









