पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी की ओर से कल दिल्ली में एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत AAP की शीर्ष लीडरशिप शामिल होगी।
बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा करना है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची 15 नवंबर से पहले जारी कर सकती है। हालांकि, उम्मीदवारों की सूची जारी होने को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
उम्मीदवारों के नामों पर होगा मंथन
दिल्ली में होने वाली इस बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव प्रबंधन और पार्टी की आगामी रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। बैठक को पंजाब में चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
पंजाब में तेज हुईं सियासी गतिविधियां
पंजाब में विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में सामान्य तौर पर फरवरी-मार्च 2027 में चुनाव होने की संभावना है।
फिलहाल, सभी की नजरें AAP की दिल्ली में होने वाली बैठक पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि पार्टी उम्मीदवारों के चयन को लेकर क्या फैसला लेती है और पहली सूची कब जारी करती है।









