ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस का पीछा किए जाने के दौरान तीन संदिग्ध बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। घटना दाना मंडी इलाके की है, जहां पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए घेराबंदी की। इस दौरान स्थानीय युवकों की मदद से दो संदिग्धों को काबू कर लिया गया, जबकि उनका तीसरा साथी मौके से फरार हो गया।
तीनों ने कपड़ों से मुंह को ढंका हुआ था
पुलिस के अनुसार, तीनों संदिग्ध एक मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उनका पीछा शुरू किया गया। इसी दौरान आरोपियों ने दाना मंडी में पहुंचकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। घटना में किसी पुलिसकर्मी या आम नागरिक के घायल होने की सूचना नहीं है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
डीएसपी जोगा सिंह ने बताया कि थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक मुंह ढककर मोटरसाइकिल पर इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम को देखकर तीनों युवक दाना मंडी की तरफ भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और मंडी के भीतर उन्हें घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर सीधे गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई, दो संदिग्ध गिरफ्तार
फायरिंग होते ही पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों ने भी पुलिस की मदद की। पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी फरार होने में कामयाब रहा। घटना के बाद इलाके में पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।









