जालंधर के गोराया में चीमा खुर्द गेट के पास ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव लल्लियां निवासी नवी पुत्र दूनी चंद के रूप में हुई है। नवी पांच बहनों का इकलौता भाई था।
जानकारी के मुताबिक, नवी रविवार देर रात मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इसी दौरान चीमा खुर्द गेट के पास उसकी बाइक की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
ट्रैक्टर की एक ही लाइट जलने की बात आई सामने
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रैक्टर की केवल एक लाइट जल रही थी। ट्रैक्टर के गलत दिशा से आने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हादसे की घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
चौकी इंचार्ज अवतार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।









