ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और किसान नेता राकेश टिकैत शनिवार को मानसा पहुंचे। यहां उन्होंने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले दिवंगत परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात की और उनके लिए इंसाफ की मांग का समर्थन किया। टिकैत ने पंजाब में नशे के बढ़ते कारोबार पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से इस पर सख्ती से रोक लगाने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में बनी नशीली कैप्सूल उत्तर प्रदेश तक पहुंच रही हैं।
‘पंजाब सरकार नशे पर लगाए लगाम’
राकेश टिकैत ने पंजाब सरकार से नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अगर पंजाब ही बीमार हो गया, तो सरकार किस पर राज करेगी? पंजाब में तैयार होने वाली नशीली कैप्सूल उत्तर प्रदेश तक पहुंच रही हैं। नशे की सप्लाई गुजरात और नेपाल के रास्ते भी हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की।
झोटा के परिवार से पोस्टमार्टम करवाने की अपील
राकेश टिकैत ने परविंदर सिंह झोटा के परिवार से पोस्टमार्टम करवाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जा सकेगा। गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में हत्या कर दी गई थी। उनके परिवार का इंसाफ की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन जारी है। शनिवार को धरने का 13वां दिन था।








