ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के बस्ती शेख में कंफेक्शनरी की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण दुकान का लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया है। इस घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने फायर ब्रिगेड पर गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रशासन से मुआवजे की मांग भी की है।
दुकान में रखा था 8 से 10 लाख का सामान
पीड़ित दुकानदार सौरव भुल्लर ने बताया कि उन्होंने इसी साल 17 जुलाई को भोला मिल्क बार एंड कंफेक्शनरी की दुकान को खरीदा था। दुकान के पिछले हिस्से में पानी और कोल्ड ड्रिंक्स की 200 से 250 पेटियां और चिप्स आदि का सामान रखा हुआ था। आग लगने के कारण सारा सामान जलकर खाक हो गया है, जिस कारण लगभग 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है।
फायर ब्रिगेड पर देरी से पहुंचने के लगाए आरोप
पीड़ित दुकानदार ने कहा कि उन्होंने और सपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। अगर फायर ब्रिगेड की गाड़ी टाइम पर आ जाती तो नुकसान कम हो सकता था। वहीं दुकानदार के भाई ने शक जताया है कि पीछे की खिड़की की तरफ से किसी तार आदि से बांधकर कोई शरारत की गई होगी। आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जाएं। हमारी प्रशासन से मांग की है कि समय पर मदद न पहुंचने और हुए भारी नुकसान का मुआवजा दिया जाए तथा इस पूरे हादसे की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जाए।
दुकान में पटाखे भी रखे हुए थे, इस कारण आग भड़की
वहीं पीड़ित दुकानदार के आरोपों पर फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिलने के साथ ही वह गाड़ी लेकर तुरंत मौके पर पहुंचे। जनता कुछ भी कह सकती है, लेकिन उन्होंने सूचना मिलते ही दूसरी गाड़ी मंगवाकर आग पर काबू पा लिया था।दुकान के अंदर पटाखे भी रखे हुए थे, जिनके फटने से आग और भड़क गई।









