जालंधर में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, 3 मेडिकल स्टोर और 2 पार्कों में पुलिस की दबिश

जालंधर में नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस और सेहत विभाग की टीम ने वेस्ट हलके में कई जगहों पर दबिश दी। टीम ने तीन मेडिकल स्टोर, दो पार्क और एक नशा मुक्ति केंद्र में जांच की। इस दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक व्यक्ति को काबू किया है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस और सेहत विभाग की टीम ने वेस्ट हलके में कई जगहों पर दबिश दी। टीम ने तीन मेडिकल स्टोर, दो पार्क और एक नशा मुक्ति केंद्र में जांच की। इस दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक व्यक्ति को काबू किया है। उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।

‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत कार्रवाई
एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि शहर में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत CASO ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस और सेहत विभाग की संयुक्त टीम ने जालंधर वेस्ट हलके में कार्रवाई की। टीम ने जगदंबे मेडिकल स्टोर समेत तीन दवाई की दुकानों पर दबिश दी। इसके अलावा दो पार्कों और एक नशा मुक्ति केंद्र में भी जांच की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत एक व्यक्ति काबू
एसीपी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को एनडीपीएस एक्ट के मामले में काबू किया गया। उसके कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नशा करने के लिए पार्कों में बैठते हैं। इसी सूचना के आधार पर वेस्ट हलके में विशेष अभियान चलाकर जांच की गई।

मेडिकल स्टोर पर दवाइयों का स्टॉक और दस्तावेज जांचे
ड्रग इंस्पेक्टर अमित बंसल ने बताया कि पुलिस टीम के साथ तीन मेडिकल स्टोर पर जांच की गई। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध दवाइयों का स्टॉक चेक किया गया और संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। अब तक की जांच में मेडिकल स्टोर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सेहत विभाग की ओर से अन्य दवाई की दुकानों पर भी जांच अभियान जारी रखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *