खाकी की शर्मनाक तस्वीर! शराब के नशे में बस स्टैंड पर गिरा पंजाब पुलिस का मुलाजिम

पंजाब के फगवाड़ा स्थित बस स्टैंड पर खाकी को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां पंजाब पुलिस का एक ASI शराब के अत्यधिक नशे में धुत पाया गया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के फगवाड़ा स्थित बस स्टैंड पर खाकी को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां पंजाब पुलिस का एक ASI शराब के अत्यधिक नशे में धुत पाया गया। बस स्टैंड परिसर के भीतर पुलिसकर्मी के लड़खड़ाते कदमों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। नशे की हालत में पुलिसकर्मी सड़क पर ठीक से चल भी नहीं पा रहा था और बस स्टैंड के ओवरब्रिज के नीचे गिर पड़ा।

राहगीर ने संभाला, सवाल पूछने पर दिया अजीबो-गरीब तर्क
ओवरब्रिज के नीचे बेसुध पड़े पुलिसकर्मी को एक राहगीर ने हाथ पकड़कर उठाया और बस स्टैंड के भीतर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जब मौके पर मौजूद लोगों ने उससे इस हालत में होने की वजह पूछी, तो ASI ने बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया। पुलिसकर्मी का कहना था कि उसकी रात की ड्यूटी थी और ज्यादा थकावट होने के कारण उसने शराब पी ली थी। थकावट का बहाना बनाकर उसने अपनी इस हरकत को जायज ठहराने की कोशिश की।

वायरल वीडियो ने खड़े किए पुलिस प्रशासन पर सवाल
जब पुलिसकर्मी से उसकी तैनाती और संबंधित पुलिस स्टेशन के बारे में पूछा, तो आरोपी ASI ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली और किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। सार्वजनिक स्थल पर वर्दी में इस तरह नशे में धुत पाए जाने से पंजाब पुलिस की कार्यशैली और अनुशासन पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *