ख़बरिस्तान नेटवर्क : ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है और दोनों टीमें 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा। ICC के मुताबिक प्रतियोगिता 2 अक्टूबर से शुरू होकर 21 नवंबर तक चलेगी।
2 ग्रुपों में टीमों को बांटा गया है
ग्रुप-A में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर टीम शामिल होगी।
ग्रुप-B में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश और दूसरी क्वालिफायर टीम होगी।
टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें सुपर-7 में पहुंचेंगी। इसके अलावा दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को भी सुपर-7 में जगह मिलेगी।
7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा भारत
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा। यह मैच 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल की याद भी ताजा करेगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीता था।
इसके तीन दिन बाद 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी। दोनों पड़ोसी देशों के बीच यह मुकाबला जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
वर्ल्ड कप में 57 मुकाबले, 12 वेन्यू पर होंगे मैच
2027 का वनडे वर्ल्ड कप 14 टीमों और 57 मुकाबलों के साथ खेला जाएगा। टूर्नामेंट के मैच दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के कुल 12 वेन्यू पर आयोजित होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर को नामीबिया में होने वाली तीन टीमों की सुपर सीरीज से होगी, जिसके जरिए ग्रुप स्टेज की अंतिम टीम तय होगी।









