ख़बरिस्तान नेटवर्क : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर के परागपुर में आयोजित भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा की समापन रैली को संबोधित किया। पंजाब के लोगों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने सबसे पहले महान सिख गुरुओं की धरती को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि जालंधर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है और पंजाब को नशे से मुक्त करने के अभियान के लिए यहां आना उनके लिए परम सौभाग्य है।
‘31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे से मुक्त करेंगे’
रैली में अमित शाह ने पंजाब में नशे के मुद्दे को अपने संबोधन के केंद्र में रखा। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में सिंथेटिक ड्रग्स के कारोबार को खुले तौर पर चलने दिया गया और नशे के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई। अगर पंजाब में भाजपा को सरकार बनाने का मौका मिलता है तो 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के कारोबार से मुक्त कर दिया जाएगा।
पंजाब नशा मुक्त भाजपा का प्रमुख मुद्दा
उन्होंने लोगों से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। शाह ने कहा कि पंजाब को नशे से मुक्त करना भाजपा के अभियान का प्रमुख मुद्दा रहेगा। उन्होंने नशे से प्रभावित परिवारों का भी जिक्र किया और ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
पंजाब सरकार के विज्ञापन खर्च पर भी उठाए सवाल
अमित शाह ने पंजाब सरकार के विज्ञापन खर्च को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार हर साल 785 करोड़ रुपये विज्ञापनों पर खर्च कर रही है। सरकार ने पंजाब की जनता से कई वादे किए थे और अब इन वादों का हिसाब देना चाहिए। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के राजनीतिक अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









