अमृतसर: अजनाला में पुलिस और एक आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में करनबीर सिंह उर्फ करण की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, करनबीर पर 11 सितंबर को अजनाला-अमृतसर मेन रोड पर भल्ला गांव के पास एएसआई जसवंत सिंह के घर पर फायरिंग करने का आरोप था।
इस मामले में पुलिस ने करनबीर को गिरफ्तार किया था, लेकिन कुछ दिन पहले वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान करनबीर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में करनबीर भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बॉर्डर रेंज के डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।पुलिस की ओर से मुठभेड़ और आरोपी की मौत को लेकर आगे की जांच की जा रही है।









