प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन आज 17 सितंबर को मनाया जा रहा है। इस मौके पर बीजेपी की ओर से देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीजेपी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित कर रही है। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों में सेवा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।
घर-घर जलाए जाएंगे ‘आशीर्वाद के दीये’
पार्टी ने लोगों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर अपने घरों के बाहर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। इस दौरान मध्य प्रदेश में 58 लाख, छत्तीसगढ़ में 36 लाख, हरियाणा में 79.52 लाख और पश्चिम बंगाल में 70 लाख दिए जलाने की तैयारी है। वहीं वाराणसी से गुजरात के वडनगर करीब 1300 किमी तक की बाइक यात्रा भी निकाली जा रही है। इस अभियान में बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।
वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में करीब 500 बाइक की यात्रा को रवाना किया जाएगा। इस अभियान का समापन 7 अक्टूबर को होने की जानकारी दी गई है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पीएम मोदी के जन्मदिन पर विशेष प्रार्थना और गंगा आरती की गई। हरियाणा में भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘नशा मुक्त नमो मैराथन’ का आयोजन किया गया।
मुंबई में भी महाआरती, दीप प्रज्वलन, रक्तदान शिविर और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लखनऊ में भी बड़े सम्मेलन और सेवा से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारी है।
SEMICON India 2026 का उद्घाटन करेंगे PM मोदी
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के यशोभूमि में SEMICON India 2026 का उद्घाटन करेंगे। तीन दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में 600 से ज्यादा कंपनियां और 52 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। देशभर में जन्मदिन के मौके पर होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा और सामाजिक गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है।









