पंजाबी सिंगर और एक्टर गिप्पी ग्रेवाल ने एयर कनाडा की फ्लाइट में अपने साथ हुए अनुभव को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर एयरलाइन पर आरोप लगाया कि उन्होंने बिजनेस क्लास की सीट के लिए भुगतान किया था, लेकिन उन्हें इकोनॉमी क्लास में सीट दे दी गई।
गिप्पी के मुताबिक, जब उन्होंने एयरलाइन स्टाफ से इस बारे में सवाल किया तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि स्टाफ ने उन्हें बताया कि अब कुछ नहीं किया जा सकता।
समाधान करने के बजाय विमान से उतारने की बात कही
गिप्पी ने दावा किया कि जब उन्होंने इस मामले को लेकर सवाल करना जारी रखा तो उन्हें फ्लाइट लेने या छोड़ने की बात कही गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी समस्या का समाधान करने के बजाय उन्हें विमान से उतारने की बात कही गई।
‘मैंने कोई एक्स्ट्रा सुविधा नहीं मांगी’
गिप्पी ग्रेवाल ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह एयरलाइन से कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मांग रहे थे। उनकी मांग सिर्फ इतनी थी कि जिस बिजनेस क्लास सीट के लिए उन्होंने भुगतान किया है, वही सीट उन्हें दी जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस मामले में एक साधारण माफी तक नहीं मिली। गिप्पी ने एयरलाइन के रवैये पर निराशा जताते हुए इसे अपना बेहद खराब अनुभव बताया।
एयर कनाडा ने मांगी माफी
गिप्पी की पोस्ट के बाद एयर कनाडा ने X पर जवाब दिया और घटना पर खेद जताते हुए माफी मांगी।एयरलाइन ने गिप्पी से अपना बुकिंग रेफरेंस और टिकट पर दर्ज पूरा नाम DM के जरिए भेजने को कहा, ताकि मामले की जांच की जा सके।हालांकि, एयर कनाडा के जवाब में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि गिप्पी को बिजनेस क्लास से इकोनॉमी में क्यों बैठाया गया और सीट बदलने की स्थिति कैसे बनी।
AC1504 फ्लाइट को लेकर शिकायत
गिप्पी ने जिस फ्लाइट को लेकर शिकायत की है, वह एयर कनाडा की AC1504 है। यह फ्लाइट कनाडा के टोरंटो पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चलती है।
16 सितंबर 2026 की इस फ्लाइट का निर्धारित समय टोरंटो से दोपहर 12 बजे उड़ान भरने और दोपहर 1:35 बजे नेवार्क पहुंचने का था। फ्लाइट के लिए Airbus A320 विमान दर्ज था और निर्धारित उड़ान अवधि करीब 1 घंटे 35 मिनट थी।फिलहाल, सीट बदलने की वजह क्या थी, इस पर एयर कनाडा की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।









