जालंधर में मंत्री के घर के सामने कार चोरी की कोशिश, लॉक-शीशा तोड़ा; CCTV में कैद हुए चोर

जालंधर शहर में चोरी की वारदातों के बीच अब पॉश इलाके जेपी नगर से कार चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि इलाके के लोगों की मुस्तैदी के कारण चोर कार लेकर फरार होने में कामयाब नहीं हो सके। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर शहर में चोरी की वारदातों के बीच अब पॉश इलाके जेपी नगर से कार चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि इलाके के लोगों की मुस्तैदी के कारण चोर कार लेकर फरार होने में कामयाब नहीं हो सके। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

सब्जी मंडी के व्यापारी और कार मालिक अमित ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी i20 कार घर के बाहर पार्क करके गए थे। देर रात करीब 2 बजे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि कुछ चोर उनकी कार में घुस गए हैं। पड़ोसियों के शोर मचाने पर चोर कार को करीब आधी सड़क तक ले गए, लेकिन इसी दौरान उन्होंने कार का शीशा भी तोड़ दिया।

तीन चोर i20 कार में आए थे
पीड़ित के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए तीन चोर खुद भी एक i20 कार में आए थे। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोर वारदात से पहले करीब 10 मिनट तक आपस में बातचीत करते रहे। इसके बाद उन्होंने कार को स्टार्ट करने की कोशिश की।

जब कार स्टार्ट नहीं हुई तो चोरों ने गाड़ी के अंदर से डायरेक्ट तार लगाकर उसे स्टार्ट करने और चोरी करके ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास के लोगों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।

लोगों के पहुंचते ही कार छोड़कर भागे चोर
स्थानीय निवासी संजीव ने बताया कि चोर व्यापारी की कार चोरी करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इलाके के लोगों की सतर्कता के कारण उनका प्रयास सफल नहीं हो सका। शोर सुनकर लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद तीनों आरोपी कार छोड़कर फरार हो गए।

CCTV फुटेज में यह भी दिखाई दे रहा है कि दो चोर अपनी कार में बैठे रहे, जबकि तीसरा आरोपी बाहर आया और उसने व्यापारी की कार का शीशा और लॉक तोड़ दिया। इसके बाद उसने डायरेक्ट तार लगाकर कार को स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन कार स्टार्ट नहीं हुई।

मंत्री के घर के सामने हुई वारदात, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह घटना कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के घर के सामने हुई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी मौजूद रहती है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई थी। लोगों का कहना है कि देर रात कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे और सुबह कार्रवाई करने की बात कहकर चले गए।

पुलिस ने कहा कि कार चोरी तो नहीं हुई न
स्थानीय निवासी संजीव का आरोप है कि दोपहर 12 बजे तक भी पुलिस टीम दोबारा मौके पर नहीं पहुंची थी। उनका कहना है कि पुलिसकर्मियों का कहना है कि कार चोरी नहीं हुई, लेकिन CCTV कैमरों में संदिग्धों की कार का नंबर भी रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *