लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में आज बुधवार को बंद रखा जा रहा है। 5 सितंबर को जालंधर बाईपास चौक स्थित प्रतिमा पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने आपत्तिजनक चीज डाल दी थी।घटना का पता चलने के बाद एससी समाज की ओर से लगातार विरोध किया जा रहा था। करीब तीन दिन तक चले विरोध के बाद पुलिस ने मंगलवार रात मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
हालांकि, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता, उनका विरोध जारी रहेगा। समाज की मुख्य मांग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और प्रतिमा की सुरक्षा बढ़ाना है।
जालंधर बाईपास और NH-44 पर चक्का जाम
आज जालंधर बाईपास चौक समेत शहर के कई मुख्य बाजारों में चक्का जाम किया जाएगा। NH-44 पर भी जाम लगाने का ऐलान किया गया है।इसका असर अमृतसर, जालंधर, पानीपत और दिल्ली की तरफ जाने वाले ट्रैफिक पर पड़ सकता है। यात्रियों को जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बंद
बंद का नेतृत्व कर रहे दलित नेता और भाजपा के पूर्व पार्षद चौधरी यशपाल ने लोगों, दुकानदारों और उद्योगपतियों से बंद का समर्थन करने की अपील की है।उन्होंने युवाओं से अपील की है कि एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं की आवाजाही में किसी तरह की बाधा न डाली जाए।
बाजारों और ट्रैफिक पर असर
बंद के कारण शहर के कई बाजारों और दुकानों के प्रभावित रहने की संभावना है। वहीं, बाईपास और हाईवे पर चक्का जाम के कारण ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है।स्कूली बसों, एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदर्शनकारियों की दो मुख्य मांगें
प्रदर्शनकारियों की पहली मांग है कि प्रतिमा के अपमान के आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए। दूसरी मांग प्रतिमा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नए CCTV कैमरे लगाने की है।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
DCP आलम विजय सिंह के मुताबिक, FIR दर्ज कर पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बंद को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने के साथ ट्रैफिक के रूट भी डायवर्ट किए हैं।









