ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर सेंट सोल्जर लेक्चरर नेहा बस्सी के मर्डर केस में पुलिस ने पति उमंग और सास कुसुम बस्सी को गिरफ्तार कर लिया है। मां-बेटे दोनों मध्य प्रदेश के उज्जैन में छिपे हुए थे, जहां से पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने 6 साल की बच्ची को भी रिकवर कर लिया है।
गर्लफ्रैंड सतपाल कौर का पति आया सामने
वहीं इस मामले में उमंग बस्सी की गर्लफ्रैंड सतपाल कौर का पति विशाल भी सामने आया है। विशाल ने बताया कि उसने सतपाल कौर के साथ लव मैरिज की थी। करीब 6 महीने पहले उन्हें पत्नी और उमंग बस्सी के बीच करीब 3 साल से चल रहे कथित अफेयर का पता चला। दोनों शादी भी करना चाहते थे। इसके लिए वह मुझे और लेक्चरर नेहा को रास्ते से हटाना चाहते थे। दोनों इसके लिए पिछले 2 हफ्तों से प्लानिंग भी कर रहे थे। मैंने खुद दोनों के बीच 200 पन्नों की चैट पकड़ थी।
पुराने क्लासमेट रहे हैं दोनों
विशाल ने आरोप लगाया कि सतपाल कौर और उमंग बस्सी क्लासमेट थे। हालांकि पढ़ाई के बाद उनके बीच संपर्क नहीं रहा। फिर एक बार फेसबुक पर सतपाल ने उमंग को बर्थडे विश किया। जिसके बाद उनकी दोस्ती शुरू हो गई। उनकी पत्नी का उमंग बस्सी के साथ लगभग 3 साल से कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा था।
लापरवाह बरतने वाले ASI सस्पेंड
विशाल का दावा है कि शिकायत के बावजूद राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की। वहीं इस मामले में लापरवाही बरतने पर मामले के जांच अफसर ASI बोधराज को सस्पेंड कर दिया गया है। आपको बता दें कि उमंग बस्सी ने अपनी मां के साथ मिलकर पत्नी नेहा को टॉयलेट क्लीनर पिलाकर मौत के घाट उतारा था।









