अमृतसर में जन्मदिन वाले दिन युवक को मारी गोली, पार्टी देने जा रहा था

Young man shot in Amritsar on his birthday

अमृतसर में जन्मदिन की पार्टी देने जा रहे एक युवक पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। युवक घर पर केक काटने के बाद दोस्तों को पार्टी देने के लिए होटल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर आए हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। एक गोली युवक की जांघ में लगी, जिससे वह स्कूटी से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों के मुताबिक, युवक ने छोटे भाई पर हुए हमले का विरोध किया था। इसी रंजिश में उस पर हमला किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोल बरामद किया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

भाई से मारपीट का विरोध करने पर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, गली में रहने वाले प्रभ को अमित ने अपना भाई बनाया हुआ है। बुधवार को प्रभ के साथ गोशा और दो-तीन युवकों ने मारपीट की थी। अमित ने इसका विरोध किया और आरोपियों से मारपीट का कारण पूछा। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।
परिजनों के अनुसार, बाद में दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया गया था। लेकिन रात में जब अमित दोस्तों को पार्टी देने के लिए घर से निकला तो गोशा और नितीश अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए।

पीछे से आए हमलावरों ने की फायरिंग

अमित के चचेरे भाई सागर के मुताबिक, वह एक्टिवा चला रहा था और अमित पीछे बैठा था। इसी दौरान पीछे से आए युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली अमित की जांघ में लगी और वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।

पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला

ACP सुरिंदर सिंह के मुताबिक, परिजनों ने नितीश और राजिंदर उर्फ गोशा के नाम बताए हैं। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले अमित और गोशा के बीच रंजिश शुरू हुई थी। गोशा को शक था कि अमित उसके दुश्मनों के साथ दोस्ती रखता है। इसी बात को लेकर पहले भी अमित के घर पर बोतलें फेंककर हमला किया गया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *