ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में गोली मारकर 25 साल के युवक की 5 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि हमलावर उसे घेरकर पहले पीटते हैं और फिर गोलियां चलने की आवाज आती है।
हमलावरों ने पहले घेरकर मारपीट की, फिर मारी गोलियां
जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब साढ़े 11 बजे सुभाष नगर की है। हरजिंदर सिंह अपने दोस्त के घर एक्टिवा छोड़ने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान वहां पर 5 से 6 हमलावर आए और उन्होंने हरजिंदर को घेर लिया। इसके बाद हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की और ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। हरजिंदर सिंह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था, उसके पिता ऑटो चलाते हैं और मां हाउसवाइफ हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वहीं पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है, पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी है।









