पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून पूरी तरह से Active हुआ है। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, 12 अगस्त तक दोनों क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। चंडीगढ़ में इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश के चलते चंडीगढ़ के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, पंजाब में सबसे अधिक तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस बठिंडा एयरपोर्ट पर रिकॉर्ड किया गया।
चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से नीचे
बारिश के कारण चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है।
पिछले 24 घंटों में चंडीगढ़ मौसम केंद्र में 12.8 मिमी और एयरपोर्ट क्षेत्र में 38.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक चंडीगढ़ में 412.6 मिमी मौसमी बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है।
बठिंडा सबसे गर्म, लुधियाना सबसे ठंडा
पंजाब में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। बठिंडा एयरपोर्ट में सबसे अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, लुधियाना में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है।
पिछले 24 घंटों में पंजाब के कई इलाकों में बारिश हुई। एसबीएस नगर के बल्लोवाल सोखरी में सबसे अधिक 18.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा होशियारपुर में 18 मिमी, फतेहगढ़ साहिब में 12 मिमी, लुधियाना में 11.5 मिमी, भाखड़ा बांध क्षेत्र में 6.5 मिमी और बरनाला में 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
भारी बारिश का फिलहाल अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 अगस्त तक पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, फिलहाल राज्य में भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। चंडीगढ़ में भी शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है।









