जालंधर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मकसूदां में बल अस्पताल के पास करीब सुबह 6 बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क पर खड़े कैंटर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक कार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही थी। भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर कैंटर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सीधे कैंटर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार की छत टूटकर अलग हो गई और नंबर प्लेट भी सड़क पर जा गिरी। एयरबैग भी खुल गए।
हादसे में दो युवकों के शव कार की फ्रंट सीट पर फंसे मिले, जबकि एक युवक का शव सड़क पर गिरा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
कैंटर चालक मौके से फरार
SHO राकेश कुमार के अनुसार, हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कैंटर चालक रास्ता भटकने या नशे की हालत में वाहन को सड़क पर खड़ा करके चला गया हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
मृतकों की पहचान नहीं हुई
पुलिस के मुताबिक फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। कार के नंबर के आधार पर लम्मे पिंड/रंधावा क्षेत्र से संबंधित जानकारी मिली है और पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कैंटर के नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।









