होशियारपुर को मिली पहली महिला मेयर, प्रवीण सैनी के नाम पर लगी मुहर

ख़बरिस्तान नेटवर्क : होशियारपुर नगर निगम को पहली बार महिला मेयर मिल गई हैं। शुक्रवार को हुए चुनाव में छह बार पार्षद रह चुकीं प्रवीण सैनी को नगर निगम का नया मेयर चुना गया। वहीं पूर्व मेयर सुरिंदर शिंदा को सीनियर डिप्टी मेयर और संदीप चेची को डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नगर निगम में नए नेतृत्व की औपचारिक शुरुआत हो गई।

शपथ ग्रहण के बाद शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया
शुक्रवार सुबह 11 बजे नगर निगम के सभी निर्वाचित पार्षदों ने शपथ ग्रहण की। इसके बाद पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. बलवीर सिंह की अध्यक्षता में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रवीण सैनी को मेयर निर्वाचित घोषित किया गया।

6 बार पार्षद रहने का मिला इनाम
प्रवीण सैनी लंबे समय से नगर निगम की राजनीति में सक्रिय हैं। वह लगातार छह बार पार्षद चुनी जा चुकी हैं। पिछले कार्यकाल में उन्होंने सीनियर डिप्टी मेयर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। अब वह होशियारपुर नगर निगम की पहली महिला मेयर बनकर नया इतिहास रच चुकी हैं।

शिंदा और चेची को भी मिली अहम जिम्मेदारी
नगर निगम के पूर्व मेयर सुरिंदर शिंदा को इस बार सीनियर डिप्टी मेयर चुना गया है, जबकि संदीप चेची को डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी सौंपी गई। नए पदाधिकारियों के चयन के बाद नगर निगम के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *