चंडीगढ़ के सेक्टर-42 स्थित गर्ल्स कॉलेज के सामने आज यानि शनिवार दोपहर करीब 1 बजे फायरिंग की घटना सामने आई। कोर्ट के आदेश पर अपने मकान का कब्जा लेने पहुंची महिला को गोली मार दी गई। महिला की पहचान मनविंदर कौर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनविंदर कौर कोर्ट के आदेश के तहत अपने मकान का कब्जा लेने पहुंची थीं। इस दौरान उनके साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मकान पर कब्जा किए बैठे वकील JPS चड्ढा ने इसी दौरान महिला पर गोली चला दी।
जांच में जुटी पुलिस
फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला को गोली लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग के पीछे की वजह तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।









