असम बाढ़: मृतकों की संख्या 75 पहुंची, सरकार ने किया बड़े राहत पैकेज का ऐलान

Assam floods: Death toll reaches 75; government announces major relief package.

असम में बाढ़ से हालात अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन इस आपदा में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है। अकेले शिवसागर जिले में बीते दिन 7 और मौतें दर्ज की गईं।

ऊपरी असम के अधिकांश प्रभावित जिलों से बाढ़ का पानी उतरने लगा है। साथ ही, बिजली समेत जरूरी सेवाओं को भी तेजी से बहाल किया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत मिलने लगी है।

इस बीच मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ने बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़े राहत पैकेज का ऐलान किया है। बाढ़ से जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी।

सरकार ने यह भी घोषणा की है कि 30 दिनों से अधिक समय से लापता लोगों के परिवारों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

इसके अलावा, एक लाख से अधिक गंभीर रूप से प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरतों के लिए 15 हजार रुपये प्रति परिवार की आर्थिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अरूणोदय योजना के तहत चराइदेव, जोरहाट, गोलाघाट और शिवसागर के लाभार्थियों को अगस्त महीने से 2,500 रुपये की सहायता फिर से मिलनी शुरू होगी।

वहीं, बाढ़ से घरों, पशुधन, मत्स्य पालन और फसलों को हुए नुकसान का आकलन 3 अगस्त से शुरू किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद पात्र लाभार्थियों को मुआवजा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *