Canara Bank में 33 करोड़ रुपए की डकैती, 5 हथियाबंद बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

जमशेदपुर के गोलमुरी बाजार स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया। बैंक खुलते ही करीब 9:10 बजे रेनकोट पहने 5 बदमाश अंदर घुसे और सुरक्षा गार्ड समेत बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जमशेदपुर के गोलमुरी बाजार स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया। बैंक खुलते ही करीब 9:10 बजे रेनकोट पहने 5 बदमाश अंदर घुसे और सुरक्षा गार्ड समेत बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बदमाश बैंक से करीब 40 लाख रुपये नकद और 23.80 किलो मॉरगेज गोल्ड ले गए, जिसकी कीमत करीब 33.20 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, बैंक से कुल करीब 33.60 करोड़ रुपये की संपत्ति लूटी गई है।

सफाईकर्मी के आते ही बैंक में घुसे बदमाश
बताया जा रहा है कि अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक पहुंचे थे। सफाईकर्मी के बैंक में प्रवेश करते ही उन्होंने अंदर घुसकर कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने कर्मचारियों के हाथ-पैर सेलो टेप से बांध दिए। इस दौरान सुरक्षा गार्ड ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने पिस्तौल की बट से उसके सिर पर हमला कर उसे घायल कर दिया।

मैनेजर से ली लॉकर की चाबी, बैग में भरा कैश और सोना
बदमाशों ने बैंक मैनेजर से लॉकर की चाबी हासिल की। इसके बाद लॉकर से नकदी और मॉरगेज गोल्ड निकालकर बैग में भर लिया। पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश करीब 10:12 बजे बैंक से बाहर निकले और दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाल चुकी पुलिस
SP शुभम खंडेलवाल ने बताया कि 5 अपराधियों ने बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश करीब 40 लाख रुपये नकद और मॉरगेज गोल्ड ले गए हैं। पुलिस अब तक 100 से ज्यादा CCTV फुटेज की जांच कर चुकी है और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की टीमें बदमाशों के भागने के रास्तों, CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 9 डीएसपी और 7 थाना प्रभारियों को शामिल करते हुए SIT का गठन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *