जालंधर में घर में घुसकर युवक पर हमला, मारपीट के बाद कार में जबरन ले गए बदमाश

Youth attacked after intruders break into his home in Jalandhar

जालंधर शहर के भार्गव कैंप इलाके में देर रात गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 5 से 7 अज्ञात युवक एक घर में जबरन घुस गए और वहां मौजूद शुभम नाम के युवक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।घटना की सूचना परिवार की ओर से 112 हेल्पलाइन पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात शुभम घर की छत पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवकों ने घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही आरोपी जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए। आरोप है कि उन्होंने शुभम को छत से नीचे खींचकर लाया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की।

मारपीट के बाद कार में जबरन ले गए बदमाश

परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने बीच-बचाव करते हुए हमले की वजह जानने की कोशिश की तो आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। मारपीट के बाद युवक को जबरन कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से शुभम को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने परिवार और मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों और उनकी गाड़ी की पहचान की जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के इलाकों में नाकाबंदी भी की गई है। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश जारी है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *