ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में कांग्रेस में प्रधान पद को लेकर चल रही खींचतान के बीच अब विजय इंदर सिंगला का बयान आया है। सिंगला ने कहा कि उन्हें पार्टी की तरफ से कोई भी जिम्मेदारी सौंपी नहीं गई है और न ही कोई चिट्ठी मिली है। पंजाब प्रधान राजा वड़िंग ही हैं।
मुझे दिल्ली नहीं बुलाया गया है
विजय इंदर सिंगला से जब कांग्रेसी नेताओं को दिल्ली बुलाए जाने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मुझे दिल्ली के लिए कोई बुलावा नहीं आया है। मुझे मीडिया से ही पता चला है कि मेरा नाम सबसे आगे है। मैं तो अपने हलका संगरूर में कार्यकर्ताओं के साथ जो मीटिंग है, उनमें शिरकत कर रहा हूं। लेकिन पार्टी मुझे कोई भी जिम्मेदारी देगी, मैं वर्कर के तौर पर भी काम करने को तैयार हूं।
अमित शाह की रैली पर उठाए सवाल
सिंगला ने जालंधर में अमित शाह की रैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री ने पंजाब में नशा खत्म करने की डेडलाइन दी है। 2007 से 2017 तक राज्य में सरकार रहने के बावजूद नशा खत्म नहीं किया जा सका, अब ऐसे में इसे खत्म करने का क्या आधार है।
सीमा सुरक्षा और ड्रोन गतिविधियों को लेकर भी सिंगला ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) का अधिकार क्षेत्र 15 किलोमीटर से बढ़ाकर 50 किलोमीटर किया गया, लेकिन इसके बावजूद सीमा पार से आने वाले ड्रोन की गतिविधियां कम नहीं हुईं। अधिकार क्षेत्र बढ़ाए जाने के बाद भी ड्रोन गतिविधियों में कमी क्यों नहीं आई।









