ख़बरिस्तान नेटवर्क : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में यूपी पुलिस ने दोनों शूटर्स का एनकाउंटर कर दिया है, जिसमें उनकी मौत हो गई है। आरोपियों की पहचान 24 साल के सुमित और 22 साल के मोहित के रूप में हुई है और दोनों ही सोनीपत हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इन दोनों पर पुलिस ने 50-50 हजार रुपए का ईनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुए ढेर
घटना पर जानकारी देते हुए नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से सोनीपत जा रहे थे। सोमवार तड़के सुबह 4 बजे दोनों आरोपियों को पुलिस ने घेर लिया। पकड़े जाने के डर से उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। इसमें बदमाश सुमित और मोहित को गोली लग गई।
अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत
पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 5 दिन पहले दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ जिम के बाहर अंकित की गोली मारकर हत्या की थी। बाकी दोनों साथी सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।









