ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में सुबह-सुबह ट्रेन हादसा देखने को मिला है। जानकारी के मुताबिक बठिंडा के रामपुरा फूल स्टेशन पर एक मालगाड़ी ट्रेन डिरेल हो गई है। ट्रेन के 3 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। यह ट्रेन बठिंडा से अंबाला जा रही थी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ।
गाड़ियों को लेकर जा रही थी ट्रेन
जानकारी के मुताबिक ट्रेन मारुति सुज़ुकी की नई गाड़ियों के लेकर बठिंडा से अंबाला लेकर जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन के चक्के जाम होने और तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन डिरेल हो गई। इस कारण रेलवे रुट पर कुछ देर तक ट्रेनों की आवाजाही पर असर भी देखने को मिला।
रफ्तार कम होने के कारण टला बड़ा हादसा
चश्मदीदों ने बताया कि मालगाड़ी के 3 डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए। डिब्बे तिरछे हो गए, जिससे रेलवे ट्रैक और आसपास के उपकरणों को आंशिक नुकसान पहुंचा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि जिस समय घटना घटी गाड़ी की रफ्तार ज्यादा नहीं थी। लोको पायलट और अन्य रेलवे कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को रुकवाया।









