ख़बरिस्तान नेटवर्क : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में बीते शनिवार-रविवार की रात हुए भारी हंगामे के पीछे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक दावा सामने आया है। Reddit पर एक पोस्ट में दावा किया गया कि यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल-3 (GH-3) में एक छात्रा के साथ पुरुष कर्मचारी ने कथित तौर पर रेप किया। हालांकि, इस दावे की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पोस्ट में वॉर्डन पर भी लगाए गए आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मैसेज में दावा किया गया कि घटना के बाद छात्रा ने हॉस्टल वॉर्डन से शिकायत की, लेकिन कथित तौर पर मामले में कार्रवाई करने के बजाय उसे घर भेज दिया गया। पोस्ट में यूनिवर्सिटी प्रशासन पर ऐसे मामलों को नजरअंदाज करने के आरोप भी लगाए गए। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है।
मैसेज फैलते ही छात्रों में बढ़ा गुस्साा
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर यह दावा तेजी से फैलने के बाद LPU कैंपस में छात्रों के बीच नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र विरोध के लिए जुटे और मामला देखते ही देखते हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ हुई, कुछ वस्तुओं में आग लगाई गई और जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे जाम कर दिया गया।
पोस्ट किसने डाली, इसकी भी जांच
सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट अब उपलब्ध नहीं है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पोस्ट किस अकाउंट से शेयर की गई और इसे आगे किस तरह फैलाया गया। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल दावों के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।









