ख़बरिस्तान नेटवर्क : भाजपा नेता और पूर्व WWE चैंपियन द ग्रेट खली ने पंजाब की सियासत और नशे के मुद्दे को लेकर बड़ा बयान दिया है। 18 सितंबर से शुरू होने वाली नशामुक्त यात्रा से पहले एक इंटरव्यू में खली ने जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अमृतपाल सिंह को राजनीति में काम करने का मौका मिलना चाहिए और पंजाब में नशे के खिलाफ लड़ाई में उन्हें भी शामिल होना चाहिए।
अमृतपाल के सामाजिक कार्यों का खली ने किया जिक्र
द ग्रेट खली ने अमृतपाल सिंह के सामाजिक कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब के युवाओं को पगड़ी बांधने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया है। खली के मुताबिक, अमृतपाल के इन प्रयासों को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।अगर अमृतपाल सिंह जेल से बाहर आते हैं तो वह पंजाब की स्थिति को सुधारने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए काम कर सकते हैं।
‘अमृतपाल को राजनीति में काम करने का मौका मिलना चाहिए’
इंटरव्यू के दौरान खली ने कहा कि अमृतपाल सिंह के बारे में लगातार नकारात्मक बातें होती हैं, लेकिन उनके मुताबिक यह भी देखा जाना चाहिए कि मौजूदा समय में अमृतपाल किस स्थिति में हैं और उन्हें पंजाब के लिए काम करने का कितना अवसर मिला है।अमृतपाल सिंह को राजनीति में खुलकर काम करने का ज्यादा मौका नहीं मिला और वह जेल चले गए। ऐसे में उन्हें पंजाब के लिए काम करने का अवसर दिया जाना चाहिए।









