कनाडा की राजधानी ओटावा में एक स्टूडेंट ने अपना आपा खोकर एक परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसने 4 बच्चों समेत 6 लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने स्टूडेंट फेब्रियो डी-जोयसा को गिरफ्तार कर लिया है।
4 बच्चों समेत 6 की मौत
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद हड़कंप मच गया क्योंकि कनाडा में आमतौर पर ऐसी घटनाएं नहीं होती हैं। मृतकों में एक 35 वर्षीय महिला, उसके 7, 4, 2 साल और 2 महीने के बच्चे और एक 40 वर्षीय व्यक्ति शामिल है जो परिवार का परिचित था। इसके साथ ही हमले में बच्चों के पिता भी घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को 10:52 बजे इमरजेंसी कॉल प्राप्त हुईं
पुलिस ने बताया कि जब वह घर पहुंचे तो परिवार का एक व्यक्ति बाहर था और किसी को 911 पर कॉल करने के लिए चिल्ला रहा था। पुलिस को रात 10:52 बजे दो इमरजेंसी कॉल प्राप्त हुईं थी।
पत्नी और बच्चों की गई जान
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतक श्रीलंकाई नागरिक हैं जो हाल ही में कनाडा आए थे। व्यक्ति तो बच गया, लेकिन उनकी पत्नी और बच्चों की मौत हो गई। जल्द ही आरोपी फेब्रियो डी-जोयसा को अदालत में पेश किया जाएगा।