ख़बरिस्तान नेटवर्क : बठिंडा के बीबीवाला रोड पर शनिवार को एक स्कूल वैन में अचानक आग लग गई। जिसके बाद वैन में बैठे 35 स्कूल के बच्चों में चीख-पुकार मच गई। ड्राइवर ने इस मुश्किल स्थिति में सूझबूझ दिखाते हुए वैन को सड़क किनारे रोका और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
वैन के इंजन से निकलने लगा धुआं
स्कूल वैन ड्राइवर बब्बू ने बताया वह स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहा था। अचानक रास्ते में वैन के इंजन से धुआं निकलने लगा। मैंने धुआं निकलते ही मैंने वैन को रोक दिया। जिसके बाद धुआं पूरी वैन के अंदर भर गया। मैंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बच्चों को बाहर निकाला।
खिड़कियां तोड़कर बच्चों को निकाला गया
धुआं इतना ज्यादा था कि बच्चों को बाहर निकालने में भी मुश्किल आ रही थी। लोगों ने वैन के शीशे तक तोड़ दिए, ताकि अंदर भरा धुआं बाहर निकल सके। इसके बाद वैन को आग लग गई, आग लगने के बाद उस पर काबू पाने का कोशिश की। आसपास के दुकानदार भी तुरंत अपने आग बुझाने वाले सिलेंडर लेकर पहुंच गए और आग बुझाने में मदद की।
बच्चों के परिजन दौड़ते-दौड़ते आए
घटना की खबर मिलते ही बच्चों के अभिभावकों में भी हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में अभिभावक मौके पर पहुंचे और अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









