ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मोहाली में बुधवार को स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। फेज-6 स्थित शिवालिक स्कूल को ई-मेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना सामने आई है। मामले की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए छुट्टी घोषित कर दी।
धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद स्कूल कराया गया खाली
ई-मेल के जरिए धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल में छुट्टी कर दी गई और विद्यार्थियों को परिसर से बाहर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद स्कूल परिसर के अंदर और आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
अन्य स्कूलों में भी सुरक्षा जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फेज-6 स्थित शिवालिक स्कूल के अलावा मोहाली के कुछ अन्य स्कूलों में भी सुरक्षा जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी सिर्फ एक स्कूल को भेजी गई थी या अन्य संस्थानों को भी इस तरह के ई-मेल मिले हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है और स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने अभिभावकों से की न घबराने की अपील
मामले को लेकर एरिया डीएसपी ने अभिभावकों से घबराने की अपील की है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही हैं और जरूरी सुरक्षा कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, धमकी की खबर सामने आने के बाद बच्चों के अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
अभिभावकों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की धमकी भरी ई-मेल पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि वे सुबह बच्चों को स्कूल छोड़कर अपने काम पर चले जाते हैं, लेकिन अचानक स्कूल बंद होने की सूचना मिलने पर उन्हें बच्चों को वापस लेने के लिए दोबारा पहुंचना पड़ता है। अभिभावकों ने पुलिस और प्रशासन से ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच करने और बार-बार धमकी भेजने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।









