ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर में लुहारका रोड स्थित कैंब्रिज स्कूल के पास खाली प्लॉटों से एक असॉल्ट राइफल बरामद हुई है। थाना कंबो के पुलिसकर्मियों ने मिलिट्री इंटेलिजेंस अमृतसर के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। हथियार पीले रंग के लिफाफे में लपेटकर रखा गया था। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली थी हथियार की सूचना
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर देहाती पुलिस जिले के अंतर्गत आने वाले थाना कंबो की पुलिस को मिलिट्री इंटेलिजेंस अमृतसर की ओर से सूचना मिली थी कि लुहारका रोड पर कैंब्रिज स्कूल के नजदीक खाली प्लॉटों में हथियार या गोला-बारूद छिपाकर रखा गया हो सकता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित इलाके में तलाशी अभियान चलाने का फैसला किया।
ASI सरवन सिंह की अगुवाई में चलाया तलाशी अभियान
मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली जानकारी के आधार पर ASI सरवन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खुफिया विभाग के कर्मचारियों के साथ संयुक्त रूप से इलाके की तलाशी ली। इस दौरान खाली प्लॉटों में एक पीले रंग के लिफाफे में लपेटकर रखी गई असॉल्ट राइफल बरामद हुई। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
हथियार बरामद होने के संबंध में थाना कंबो में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार को खाली प्लॉट में किसने छिपाया था और इसके पीछे क्या वजह थी। फिलहाल पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।








