ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुरदासपुर के नवां पिंड सरदार दा गांव में देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब कार सवार अज्ञात हमलावरों ने पूर्व सरपंच राजिंदर सिंह के भाई कुलविंदर सिंह के घर को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हमलावर, घर पर चलाई गोलियां
मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात कुछ अज्ञात हमलावर गाड़ियों में सवार होकर कुलविंदर सिंह के घर के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 6 से 7 राउंड गोलियां चलाईं। लगातार गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
फायरिंग की आवाज सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर हमलावरों का विरोध किया और उनकी तरफ पत्थरबाजी शुरू कर दी।
ग्रामीणों के विरोध के बाद दो गाड़ियों में भागे हमलावर
ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए हमलावर वहां ज्यादा देर नहीं रुके और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर दो गाड़ियों में सवार होकर वहां पहुंचे थे और फायरिंग के बाद उन्हीं वाहनों से तेजी से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी चिंता है कि आखिर देर रात हमलावरों ने घर को निशाना बनाकर फायरिंग क्यों की।
CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात के बाद की तस्वीरें
फायरिंग की घटना से जुड़ी CCTV फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में फायरिंग के बाद कुछ हमलावर दो गाड़ियों में बैठकर तेजी से मौके से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ ग्रामीण भी अपने घरों से बाहर निकलकर इन गाड़ियों का पीछा करते नजर आ रहे हैं। हालांकि ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद किसी भी हमलावर को मौके पर पकड़ा नहीं जा सका। घटना के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने के प्रयास किए जा सकते हैं।









