अमृतपाल सिंह की पहली तस्वीर आई सामने, 3 घंटे की मिली कस्टडी पैरोल! दादी के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल

Punjab Police depart from Assam with Amritpal Singh

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उनकी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल कराने के लिए पंजाब पुलिस उन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल से लेकर रवाना हो चुकी है। अमृतपाल सिंह की पहली तस्वीर भी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम शुक्रवार को पहले अमृतपाल को लेकर दिल्ली पहुंचेगी और वहां से दोपहर में फ्लाइट के जरिए पंजाब लाया जाएगा। करीब साढ़े तीन साल बाद वह जेल से बाहर आ रहे हैं।

अमृतपाल सिंह 21 नवंबर को अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इसके लिए अमृतसर की अदालत ने उन्हें दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यानी तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। उनकी दादी चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार गांव में स्थित अमृतपाल सिंह के खेतों में किया जाएगा।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अमृतपाल को कहां रखा जाएगा, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। परिवार ने उन्हें असम से पंजाब लाने और वापस ले जाने के लिए पुलिस के सरकारी खाते में 10 लाख रुपये जमा करवाए हैं। इसमें से 7 लाख 84 हजार रुपये अमृतपाल और पांच पुलिस कर्मचारियों की आने-जाने की हवाई टिकटों पर खर्च होंगे।

कोर्ट ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस को विशेष अधिकार भी दिए हैं। आदेश के मुताबिक, अगर अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बिगड़ता है या किसी अप्रिय घटना की आशंका पैदा होती है, तो पुलिस अमृतपाल को तुरंत वहां से हटा सकती है। जरूरत पड़ने पर उन्हें पंजाब से बाहर भी ले जाया जा सकता है।

दरअसल, पंजाब पुलिस ने तीन दिन की कस्टडी पैरोल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने में असमर्थता जताई थी। पुलिस का कहना था कि वह केवल तीन घंटे तक ही सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवा सकती है। इसके बाद अदालत ने तीन घंटे की पैरोल मंजूर की।

उधर, अमृतपाल सिंह की मां बलविंदर कौर ने कहा कि परिवार अदालत के फैसले का सम्मान करता है। उन्होंने बताया कि अमृतपाल को सबसे पहले घर लाया जाएगा और इसके बाद वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान अमृतपाल किसी से मुलाकात नहीं कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *