ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कैडर की IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुईं। ईडी ने उन्हें 18 अगस्त यानी आज पूछताछ के लिए समन जारी किया था। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मोहाली स्थित एक प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में की जा रही है।
ईडी की जांच में कथित तौर पर प्रोजेक्ट के लिए जमीन के लैंड यूज में बदलाव यानी चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) की मंजूरी में अनियमितताओं की जांच की जा रही है। कंवलप्रीत बराड़ से इसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और फैसलों को लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है।
2020 में जमीन मालिक ने दर्ज कराई थी शिकायत
मामला मोहाली के पल्हेरी गांव की जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है। जमीन मालिक करमजीत सिंह ने वर्ष 2020 में पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि सनटेक सिटी के प्रमोटरों ने उनकी करीब 53 कनाल जमीन समेत 14 अन्य किसानों की कुल 30.5 एकड़ जमीन के कथित फर्जी सहमति पत्र तैयार किए।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इन दस्तावेजों पर किसानों के जाली हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाए गए थे। मामले की जांच तत्कालीन मोहाली एसपी (इन्वेस्टिगेशन) हरमनदीप हंस ने की थी। जांच रिपोर्ट में जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप सामने आने के बाद नवंबर 2022 में मुल्लांपुर थाने में FIR दर्ज की गई।
FIR के आधार पर ED ने शुरू की मनी लॉन्ड्रिंग जांच
पुलिस की FIR के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। इसके बाद ईडी ने मोहाली और चंडीगढ़ में करीब 12 ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच के दौरान सनटेक सिटी के प्रमोटर अजय सहगल समेत ABS Township और Eltus Space Builders से जुड़े अधिकारियों और निदेशकों से पूछताछ की गई। कारोबारी नितिन गोहल के घर पर भी ईडी की कार्रवाई होने की बात सामने आई थी।
छापेमारी के दौरान 21 लाख रुपये कैश फेंकने का दावा
रिपोर्टों के मुताबिक, ईडी की छापेमारी के दौरान कथित तौर पर 9वीं मंजिल से करीब 21 लाख रुपये की नकदी नीचे फेंकी गई थी। इसके बाद ईडी ने सनटेक सिटी के प्रमुख प्रमोटर बताए जा रहे अजय सहगल को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद अजय सहगल को मोहाली की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 27 मई 2026 तक ईडी की कस्टडी में भेजा था। अब इसी मामले की जांच के सिलसिले में IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ की ईडी के सामने पेशी हुई है।









