ख़बरिस्तान नेटवर्क : मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलने जा रहे पूर्व सीएम व जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने चन्नी को परिवार से मिलने से पहले ही आगे जाने नहीं दिया। चन्नी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है।
चन्नी ने एक्स पर शेयर की वीडियो
चन्नी ने एक्स पर लिखा कि हम परविंदर झोटा के परिवार से मिलने जा रहे हैं, लेकिन मान सरकार घटिया चालें चल रही है। पंजाब पुलिस हमें हर मोड़ पर रोक रही है। इस दौरान चन्नी समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। जिसके बाद चन्नी ने पुलिस वालों से कहा कि आपके पास हमें रोकने का कोई अधिकार नहीं है।
युवाओं को जागना होगा, तभी पंजाब बचेगा
इसके बाद परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद उनके परिवार के प्रति समर्थन जताते हुए सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने युवाओं से एकजुट होने और अपनी जवानी बचाने की अपील की। युवाओं को जागना होगा और नशे के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी। जब युवा खुद सुरक्षित रहेंगे, तभी पंजाब की जवानी को बचाया जा सकेगा।
चन्नी ने परमिंदर के पिता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पिता की ओर से या कमेटी की तरफ से जो भी निर्देश दिए जाएंगे, कांग्रेस पार्टी और हर पंजाबी उनके साथ खड़ा होगा।
मानसा में हालात तनावपूर्ण, दुकान में आगजनी
आपको बता दें कि परविंदर सिंह झोटा की मौत के बाद इंसाफ की मांग को लेकर शहर में प्रदर्शन जारी है। मानसा में हालात तनावपूर्ण हुए पड़े हैं। लोगों ने आरोपी के दुकान को आग भी लगा दी है। परिवार और समर्थक मांग कर रहे हैं कि मामले की CBI जांच हो और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाए।









