ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमेरिका के मोंटाना के बिलिंग्स में सिरफिरे व्यक्ति ने एक ही परिवार के 8 लोगों की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पूरे परिवार को गोलियां मारी और उसके बाद घर में आग लगा दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंची, पर उसकी मौत हो गई थी।
आरोपी के अलावा मरने वाले लोग एक ही परिवार की चार पीढ़ियों से थे। इनमें 4 बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, उन्हें रविवार शाम करीब 6 बजे घर से गोली चलने की सूचना मिली थी।
पड़ोसियों को लगा पटाखों की आवाज आ रही है
घर से तीन मकान दूर रहने वाले डेविड हिलर ने बताया कि रविवार शाम 6 बजे के बाद उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। बाद में एक पड़ोसी ने फोन कर इलाके में गोलीबारी की जानकारी दी। हिलर ने बाहर निकलकर देखा तो पुलिसकर्मी हथियारों के साथ गाड़ियों की आड़ में खड़े थे और घर से काला धुआं उठ रहा था।
हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई
पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध व्यक्ति मृतकों को जानता था, लेकिन हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। आग कैसे लगी, इसकी भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने तक मामले से जुड़ी कुछ जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जाएंगी।









