कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल ताइबा में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग लगने के समय होटल में ज्यादातर लोग सो रहे थे। देखते ही देखते पूरे होटल में धुआं फैल गया, जिससे दम घुटने के कारण कई लोगों की जान चली गई। मृतकों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से होटल की खिड़कियां तोड़कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
फायर सर्विस डिपार्टमेंट का मुख्यालय होटल के पास ही होने के कारण राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। आग पर रात में ही काबू पा लिया गया।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
बीरभूम में भी होटल में आग से 9 मौतें
इससे पहले 17 अगस्त को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई थी।









