पूर्व केबिनेट मंत्री चुन्नी लाल भगत के निधन पर मनीष सिसोदिया ने भगत परिवार से जताई संवेदना

Manish Sisodia expressed condolences to the family of former Cabinet Minister Chunni Lal Bhagat following his demise.

पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता एवं पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुनी लाल जी के निधन पर शोक संवेदनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में मनीष सिसोदिया बुधवार को कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के निवास जेपी नगर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत भगत चुनी लाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मनीष सिसोदिया ने भगत परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और इस कठिन एवं दुखद समय में उन्हें हिम्मत और धैर्य बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने दिवंगत भगत चुनी लाल जी की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परमात्मा से शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि भगत चुनी लाल जी का सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान आम लोगों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया और समाज में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि भगत चुनी लाल जी का निधन केवल भगत परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

मनीष सिसोदिया ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि परमात्मा भगत चुनी लाल जी को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति दें।

वहीं, कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मनीष सिसोदिया द्वारा उनके परिवार के प्रति व्यक्त की गई संवेदनाओं के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में मनीष सिसोदिया का परिवार के बीच पहुंचना और उनके साथ खड़े होकर संवेदना व्यक्त करना उनके लिए संबल का कार्य है।

मोहिंदर भगत ने कहा कि उनके पिता का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत रहा है। उनके निधन से परिवार ने अपना मार्गदर्शक और मजबूत सहारा खो दिया है। उन्होंने कहा कि पिता जी द्वारा दिए गए संस्कार, सीख और जनसेवा की भावना हमेशा उनके जीवन का मार्गदर्शन करती रहेगी।

मोहिंदर भगत ने कहा कि पिता की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन उनके आदर्श और उनके द्वारा दिखाया गया सेवा का मार्ग परिवार के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि पिता जी की सीख और उनके संस्कारों को जीवन में आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर मोहिंदर भगत के भाई अश्वनी भगत, पुत्र अतुल भगत, भतीजे चंदन भगत सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत, जिला आम आदमी पार्टी अध्यक्ष अमृतपाल, विधायक बलकार सिंह, हलका नॉर्थ के इंचार्ज एवं मेयर विनीत धीर, हलका सेंट्रल के इंचार्ज नितिन कोहली, दीपक बाली, राविंदर बंसल, पूर्व विधायक बंसल, हरचरण सिंह संधू, राजविंदर कौर थिआड़ा, चेयरमैन प्रदीप दुग्गल, भारत भूषण जैरथ, ओंकार टिक्का, अयूब दुग्गल, सौरभ सेठ, कुलदीप भगत गगन सहित जालंधर वेस्ट के सभी पार्षद और चेयरमैन तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।इस दौरान सभी ने पूर्व मंत्री भगत चुनी लाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *